Railway Update: आधी सीट पर भी पूरी सुविधा; ट्रेन के एसी कोच में अब RAC यात्रियों को मिलेगा कम्प्लीट बेडरोल किट
रेलवे बोर्ड ने आरएसी टिकट पर यात्रा करने वाले एसी कोच के यात्रियों को अब पूरा बेडरोल किट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। यह फैसला यात्रियों की लगातार ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर। (AI Generated Image)
HighLights
रेलवे बोर्ड ने सभी जोनों को दिए निर्देश।
शिकायतों के बाद लिया गया यह महत्वपूर्ण फैसला।
जागरण संवाददाता, चक्रधरपुर। ट्रेनों के एसी कोच में आधी सीट यानी रिजर्वेशन अगेंस्ट कैंसिलेशन (RAC) टिकट पर सफर करने वाले रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है।
रेलवे बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि आरएसी टिकट पर यात्रा करने वाले प्रत्येक यात्री को भी अब कम्प्लीट बेडरोल किट उपलब्ध कराया जाएगा।
इस संबंध में रेलवे बोर्ड के डायरेक्टर (ENSM) लव शुक्ला ने दक्षिण पूर्व रेलवे समेत देश के सभी 18 जोनों के जनरल मैनेजर (GM) को कड़े निर्देश जारी किए हैं।
बोर्ड ने तत्काल प्रभाव से आदेश लागू करते हुए एसी चेयर कार को छोड़कर अन्य सभी एसी श्रेणियों में हर आरएसी यात्री को पूरा बेडरोल किट देने को कहा है।
शेयरिंग और शिकायतें खत्म करने के लिए सख्त रुख
दरअसल, रेलवे बोर्ड को देश भर से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कई ट्रेनों में आरएसी यात्रियों को पूरा बेडरोल किट नहीं दिया जा रहा है।
कई मामलों में दो आरएसी यात्रियों के बीच एक ही बेडरोल किट साझा (शेयर) करने को मजबूर किया जाता था। यात्रियों को अलग-अलग कंबल, चादर या तकिया न मिलने पर भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।
वे हेल्पलाइन नंबरों पर इसकी शिकायत दर्ज करा रहे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए रेलवे बोर्ड ने अपने पूर्व में जारी आदेशों (16 नवंबर 2016, 12 दिसंबर 2017 और 18 दिसंबर 2023) को पुनः दोहराया है।
बोर्ड ने साफ कर दिया है कि आरएसी यात्रियों को कन्फर्म टिकट वाले अन्य वैध यात्रियों के समान ही पूरी सुविधाएं मिलेंगी और इसमें किसी भी तरह का भेदभाव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अधिकारियों और आईआरसीटीसी को कड़ाई से पालन के निर्देश
रेलवे बोर्ड ने सभी जोनल रेलवे को निर्देश दिया है कि इस आदेश की जानकारी ग्राउंड स्टाफ, ऑन-बोर्ड हाउसकीपिंग स्टाफ और संबंधित अधिकारियों तक तुरंत पहुंचाई जाए।
इसके साथ ही आईआरसीटीसी (IRCTC) समेत ऑन-बोर्ड सेवा देने वाले सभी ठेकेदारों व विभागों को कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
एक कम्प्लीट बेडरोल किट में क्या-क्या मिलता है?
रेलवे के नियमों के मुताबिक, एक कम्प्लीटबेडरोल किट के तहत यात्री को निम्नलिखित सामान दिए जाते हैं:
- एक कंबल (Blanket)
- दो सफेद चादरें (Bed Sheets)
- एक तकिया मय कवर (Pillow with Cover)
- एक छोटा फेस टॉवल (Hand/Face Towel)
रेलवे बोर्ड के इस फैसले से देश भर में रोजाना आरएसी सीट पर यात्रा करने वाले हजारों रेल यात्रियों का सफर बेहद आरामदायक हो जाएगा।