आज से शुरू हुए साल के सबसे गर्म दिन, लू से बचना है तो नौतपा में भूलकर भी न करें ये गलतियां
नौतपा साल के सबसे गर्म 9 दिन माने जाते हैं। इस दौरान लू लगने का सबसे ज्यादा खतरा रहता है, इसलिए सावधानी जरूरी है। ...और पढ़ें

नौतपा में लू से कैसे बचें? (Picture Courtesy: Freepik)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। जेठ के महीने में नौ दिनों की भीषण गर्मी पड़ती है, जिसे नौतपा कहा जाता है। यह आज यानी 25 मई से शुरू होकर 2 जून तक चलेगा। ये नौ दिन साल के सबसे गर्म दिन माने जाते हैं, जिसमें भीषण गर्मी और झुलसाने वाली लू का प्रकोप अपने चरम पर होता है।
इस दौरान जरा सी भी लापरवाही शरीर को बीमार कर सकती है। अक्सर लोग लू से बचने के लिए कई उपाय करते हैं, लेकिन अनजाने में कुछ ऐसी गलतियां कर बैठते हैं जो उनकी सेहत पर भारी पड़ जाती हैं। आइए जानते हैं कि नौतपा के दौरान आपको किन गलतियों से हर हाल में बचना चाहिए।
प्यास लगने का इंतजार करना
कई लोगों की आदत होती है कि जब तक तेज प्यास न लगे, वे पानी नहीं पीते। नौतपा में यह आदत जानलेवा साबित हो सकती है। तेज गर्मी में पसीने के जरिए शरीर से पानी और जरूरी मिनरल्स लगातार बाहर निकलते रहते हैं। अगर आप पानी नहीं पिएंगे, तो शरीर में डीहाइड्रेशन हो जाएगा, जिससे चक्कर आना, सिरदर्द और कमजोरी जैसी समस्याएं होने लगेंगी।
इसलिए हर आधे घंटे में थोड़ा-थोड़ा पानी पीते रहें। पानी के अलावा छाछ, नींबू पानी, आम पन्ना और नारियल पानी को अपनी डाइट में शामिल करें।
-1779684021343.jpg)
(AI Generated Image)
धूप से आते ही तुरंत ठंडा पानी या आइसक्रीम खाना
नौतपा में बाहर का तापमान 45 डिग्री के पार चला जाता है। जब आप ऐसी भीषण गर्मी से सीधे घर में आते हैं, तो शरीर का तापमान बहुत ज्यादा होता है। इस स्थिति में तुरंत फ्रिज का ठंडा पानी पीना, कोल्ड ड्रिंक या आइसक्रीम खाना सबसे बड़ी गलती है। ऐसा करने से शरीर में थर्मल शॉक लग सकता है, जिससे सर्दी-खांसी, बुखार, गले में खराश और पाचन तंत्र बिगड़ने का खतरा बढ़ जाता है।
खबरें और भी
सही तरीका है कि बाहर से आने के बाद कम से कम 5-10 मिनट पंखे की हवा में बैठें, जब शरीर का तापमान सामान्य हो जाए, तब मटके का पानी या सामान्य पानी पिएं।
खाली पेट या हैवी खाना खाकर बाहर निकलना
नौतपा की धूप में खाली पेट बाहर निकलना लू को सीधे दावत देना है। खाली पेट रहने से शरीर की इम्युनिटी और एनर्जी लेवल कम हो जाता है, जिससे लू का थपेड़ा तुरंत असर करता है। वहीं दूसरी ओर, बहुत ज्यादा मसालेदार, तला-भुना या भारी खाना खाकर बाहर निकलने से भी बचना चाहिए, क्योंकि गर्मी में पाचन क्रिया धीमी हो जाती है और भारी खाना शरीर का तापमान और बढ़ा देता है।
धूप से आकर तुरंत एसी चालू करना या नहाना
धूप से पसीने में तरबतर होकर घर लौटते ही तुरंत तेज एसी में बैठ जाना या सीधे शावर के नीचे नहाने चले जाना एक गंभीर गलती है। इससे शरीर का तापमान अचानक गिरता है, जिससे नसें सिकुड़ सकती हैं, सिर में तेज दर्द हो सकता है और आप तुरंत बीमार पड़ सकते हैं।
ज्यादा टाइट या सिंथेटिक फैब्रिक के कपड़े
नौतपा में फैशन के चक्कर में सिंथेटिक, नायलॉन या गहरे रंग के टाइट कपड़े पहनना भारी पड़ सकता है। गहरे रंग गर्मी को सोखते हैं, जिससे शरीर और ज्यादा गर्म हो जाता है। साथ ही, टाइट कपड़ों की वजह से पसीना सूख नहीं पाता और स्किन इन्फेक्शन या घमौरियों की समस्या हो जाती है।
इन गलतियों से भी बचें
- दोपहर में बिना छाते, टोपी या सूती गमछे के बाहर न निकलें।
- चाय और कॉफी में कैफीन होता है, जो शरीर को डीहाइड्रेट करता है। नौतपा में इन्हें बिल्कुल कम मात्रा में पिएं।
- 10 बजे से शाम 4 बजे के बीच बाहर निकलने से बचें। इस दौरान लू सबसे ज्यादा चलती है।
- सिर्फ सादा पानी पीने से शरीर के इलेक्ट्रोलाइट्स का बैलेंस नहीं बनता। इसलिए पानी के साथ नींबू-पानी, ओआरएस, नारियल पानी आदि पिएं।
- बच्चों और बुजुर्गों को धूप में बिल्कुल न जाने दें। इन्हें लू लगने का खतरा सबसे ज्यादा रहता है।