बारिश आने से पहले पौधों में कर लें ये काम, पूरे सीजन फूलों से लदी रहेंगी डालियां; कीड़े भी रहेंगे दूर
मानसून पौधों की ग्रोथ के लिए सबसे अच्छा सीजन माना जाता है, लेकिन इसके लिए भी सही तैयारी जरूरी है वरना पौधा खराब हो सकता है। ...और पढ़ें

मानसून से पहले पौधों को करें तैयार (AI Generated Image)
HighLights
गमलों के ड्रेनेज सिस्टम को चेक करें, पानी जमा न हो
मिट्टी की गुड़ाई करें और पौधों की प्रूनिंग जरूरी है
सही खाद डालें, नीम तेल से कीटों से बचाएं
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। गर्मी के मौसम के बाद बारिश का सीजन काफी राहत लेकर आता है, लेकिन बिना तैयारी के यह मौसम पौधों के लिए भारी पड़ सकता है। अगर आपने पहले से तैयारी नहीं की है, तो आपके पौधे सड़कर खराब हो सकते हैं।
इसलिए अगर आप चाहते हैं कि पूरा मानसून आपका गार्डन रंग-बिरंगे फूलों से महकता रहे, तो बारिश का मौसम आने से पहले कुछ जरूरी काम कर लें, ताकि पूरे मानसून पौधे फूलों से लदे रहें।
गमलों के ड्रेनेज सिस्टम चेक करें
मानसून में पौधों के खराब होने का सबसे बड़ा कारण है ओवर-वॉटरिंग या गमलों में पानी का जमा होना। अपने सभी गमलों के नीचे बने छेद को चेक करें। अगर वे मिट्टी या जड़ों की वजह से बंद हो गए हैं, तो सूखी लकड़ी या पेचकस से उन्हें खोल दें। इससे गमले में एक्स्ट्रा पानी जमा नहीं होगा और पौधे की जड़ें सड़ेंगी नहीं।
मिट्टी की गुड़ाई
लगातार धूप और पानी से गमलों की मिट्टी सख्त हो जाती है, जिससे जड़ों को न तो ठीक से ऑक्सीजन मिलता है और न ही पानी। इसलिए बारिश से पहले मिट्टी को भुरभुरा बनाना जरूरी है। पौधे के आस-पास की मिट्टी की अच्छी तरह गुड़ाई करें। अगर किसी गमले की मिट्टी बहुत पुरानी हो गई है, तो उसमें थोड़ी कोकोपिट और रेत मिलाएं।
पौधों की प्रूनिंग
बारिश का सीजन पौधों की ग्रोथ के लिए काफी अच्छा होता है। इसलिए इस सीजन से पहले पौधों की प्रूनिंग करना जरूरी है। मोगरा, गुलाब, गुड़हल और अपराजिता जैसे फूलों वाले पौधों की सूखी, सड़ी और बेजान टहनियों को काट कर हटा दें। इससे पौधे में नई शाखाएं निकलेंगी और पौधा ज्यादा फूल देगा।
खबरें और भी
सही खाद डालें
पौधों में फूल आने के लिए सही पोषण की जरूरत होती है। इसलिए बारिश शुरू होने से पहले मिट्टी में अच्छी मात्रा में वर्मीकंपोस्ट, गोबर की खाद या नीम की खली मिलाएं। इससे पौधों को सही पोषण मिलेगा और जड़ों को नुकसान भी नहीं होगा।
कीड़े-मकोड़ों और फंगस से सुरक्षा
मानसून आते ही फंगस, व्हाइट फ्लाइज जैसे कीटों का हमला बढ़ जाता है। ये कीड़े आपके पौधे को सुखा सकते हैं। इसलिए बारिश का मौसम शुरू होने से पहले अपने पौधे पर नीम का तेल स्प्रे करें। साथ ही, मिट्टी में थोड़ी हल्दी मिला दें। इससे कीड़े पौधों पर हमला नहीं करेंगे।