सोशल मीडिया पर वायरल 'हुकुस बुकुस' कोई आम गाना नहीं, कश्मीर की संत-कवयित्री ने 700 साल पहले लिखी थी ये कविता
सोशल मीडिया पर वायरल 'हुकुस बुकुस' असल में 14वीं शताब्दी की कश्मीरी संत-कवयित्री लाल देद की लिखी एक प्राचीन कविता है।

क्या है हुकुस बुकुस का मतलब? (AI Generated Image)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। आजकल एक गाना काफी वायरल हो रहा है, जिसे आपने भी सुना होगा। ये गाना है हुकुस बुकुस, जो आजकल सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। इसकी धुन इतनी प्यारी और मजेदार है कि एक बार सुनते ही आप इसे गुनगुनाने लगेंगे।
लेकिन असल में ये कोई फिल्मी गाना या म्यूजिक एल्बम नहीं है। ये असल में एक बहुत पुरानी कविता है, जिसे कश्मीर की कवियित्री लालेश्वरी देवी से भी जोड़कर देखा जाता है। आइए जानें इस गाने से जुड़ी दिलचस्प बातें।
कैसे बना ये गाना?
माना जाता है कि इस कविता की रचना 14वीं शताब्दी में हुई थी। इसे कश्मीर की संत-कवयित्री देवी लालेश्वरी या लाल देद ने लिखा था। इस कविता में अपनी आत्मा और अपने भगवान के बारे में सवाल पूछे गए हैं, जो व्यक्ति को अध्यात्म की ओर खींचते हैं।
लाल देद कश्मीर के शैव दर्शन की कवयित्री थीं, जिन्होंने संस्कृत की मुश्किल भाषा को छोड़कर आम जनभाषा कश्मीरी में अपनी रचनाएं लिखीं, ताकि आम जनता तक संदेश पहुंच सके। उनकी रचनाओं को वाख कहा जाता है।
बच्चों की लोरी है ये गाना
देवी लालेश्वरी का मानना था कि अध्यात्म और आत्म ज्ञान की शिक्षा सिर्फ वयस्कों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। इस शिक्षा को बच्चों के जीवन में भी उतारना जरूरी है। इसलिए उन्होंने एक ऐसी लोरी बनाई, जो सुनने में और गाने में काफी आसान हो और जीवन के सत्य को समझने में भी मदद करे।
हुकुस बुकुस का मतलब क्या है?
ये कविता आत्म-खोज पर जोर देती है। इसकी पहली लाइन हुकुस बुकुस तेल्ली वान सु कुस का मतलब है कि मैं कौन हूं, वो कौन है और हमें बनाने वाला कौन है? ये इंसान और ईश्वर के खोज से जुड़ा है। इसकी अलगी लाइन में कहा गया है कि मैं खुद को संसार के मोहों में बांध रही हूं, मैं इनसे आजाद कब होऊंगी? इसी तरह ये कविता आत्मा और परमात्मा के मिलन और उसकी खोज के बारे में बताती है।
कश्मीर की संस्कृति का हिस्सा
हुकुस बुकुस कश्मीर की संस्कृति का हिस्सा है। आज इसे बच्चे कविता की तरह गाते हैं, लेकिन इसके पीछे काफी गहरा संदेश छिपा है। इस गाने को कई संगीतकारों और लोक गायकों ने फिर से जिंदा किया और अब ये सोशल मीडिया पर छाया हुआ है।
