समर वेकेशन में बच्चों के लिए क्यों जरूरी है 'डिजिटल डिटॉक्स'? इस तरह दें उन्हें अनमोल यादों का उपहार
व्यस्त जीवनशैली में बच्चों का बचपन पैकेज्ड मनोरंजन तक सीमित हो गया है, जिससे वे जड़ों से दूर हो रहे हैं। ...और पढ़ें

गर्मी की छुट्टियों में बच्चों को देना चाहते हैं जीवनभर की सबसे खूबसूरत यादें? (Image Source: AI-Generated)
HighLights
व्यस्त जीवनशैली ने बच्चों को पैकेज्ड मनोरंजन तक सीमित किया
डिजिटल डिटॉक्स और प्रकृति से जुड़ाव बचपन के लिए जरूरी
गांव की यात्रा या फार्म स्टे दें अनमोल अनुभव
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। व्यस्त जीवनशैली व महंगे समर कैंप्स के सामाजिक दबाव ने बचपन को 'पैकेज्ड मनोरंजन' तक सीमित कर दिया है। बच्चे बड़े होटलों को तो जानते हैं, लेकिन जड़ों से दूर होते जा रहे हैं। जलज कुमार अनुपम बता रहे हैं कि बेहतर व संवेदनशील बचपन की नींव महंगे टूर पैकेज से नहीं, बल्कि प्रकृति और परिवार से जुड़कर रखी जा सकती है...
र्मी की छुट्टियों में बच्चों के पास समय बढ़ जाता है और माता-पिता के सामने बड़ा सवाल खड़ा हो जाता है कि इन छुट्टियों को सार्थक कैसे बनाया जाए? कुछ का तो यह समय मोबाइल स्क्रीन, वीडियो गेम और टीवी तक सीमित होकर रह जाता है। एकल परिवार, खेल के सीमित मैदान और व्यस्त जीवनशैली ने बालसुलभ खेलों और पारिवारिक अनुभवों को सीमित कर दिया है। आज कई बच्चे बड़े होटल और रिजार्ट तो पहचानते हैं, लेकिन अपने पुश्तैनी घर का रास्ता नहीं पता। यह केवल बदलती जीवनशैली नहीं, बदलते बचपन की कहानी भी है। गर्मी की छुट्टियां बच्चों को नए अनुभव देने, परिवार के साथ समय बिताने और जिज्ञासा को नई दिशा देने का अवसर हैं। स्विमिंग, खेल प्रशिक्षण, संगीत, नृत्य, पेंटिंग, थिएटर या रोबोटिक्स जैसी गतिविधियां उपयोगी हो सकती हैं, लेकिन हर छुट्टी को उपलब्धियों की दौड़ बना देना भी उचित नहीं है।

(Image Source: AI-Generated)
नहीं खरीद सकते वो अनुभव
कुछ वर्षों से गर्मी की छुट्टियां भी एक बड़े बाजार में बदलती दिखाई दे रही हैं। समर कैंप, विदेशी टूर पैकेज, एडवेंचर एक्टिविटी और महंगे कोर्स इस तरह प्रस्तुत किए जाते हैं मानो अच्छे बचपन की शर्त यही हो। कई माता-पिता सामाजिक दबाव में बच्चों का पूरा अवकाश भर देते हैं। सवाल यह है कि क्या हर अनुभव खरीदा जा सकता है? क्या बचपन का अर्थ केवल पैकेज्ड मनोरंजन रह गया है? सच यह है कि कई बार बिना खर्च वाले साधारण अनुभव बच्चों को कहीं अधिक गहरी सीख दे जाते हैं।
सबको है डिजिटल डिटाक्स की जरूरत
मोबाइल, टीवी और वीडियो गेम में फंसते बचपन को लेकर आज लगभग हर परिवार चिंतित है। अपार्टमेंट संस्कृति, सीमित जगह और व्यस्त दिनचर्या ने बच्चों के प्रकृति से जुड़ने के अवसर कम किए हैं। ऐसे में छुट्टियों को केवल आराम या कोर्स तक सीमित न रखें। बच्चों को वास्तविक अनुभव देने की ओर लौटें। सप्ताह में एक दिन डिजिटल डिटाक्स का प्रयोग किया जा सकता है, जिसमें मोबाइल और टीवी बंद रखकर पूरा परिवार किताब पढ़े, साथ खाना बनाए, पौधे लगाए, बातचीत करे या छोटे विज्ञान-प्रयोग करे। घर में बागवानी, हस्तशिल्प, डायरी लेखन, संगीत या आउटडोर खेल भी अच्छे विकल्प हो सकते हैं।
खबरें और भी
एक सैर यादों की दुनिया में
इन सबके बीच गांव आज भी सबसे मूल्यवान अनुभव दे सकता है। जिन परिवारों की जड़ें गांव से जुड़ी हैं, उनके लिए ननिहाल या पुश्तैनी घर जाना बच्चों को जीवन की वास्तविकताओं से परिचित कराने का अवसर है। आज गांव पहले जैसे नहीं रहे। पलायन हुआ है, जीवनशैली बदली है, लेकिन वहां अब भी रिश्तों की गर्माहट, प्रकृति का स्पर्श और सामूहिक जीवन की सहजता बची हुई है। गांव में बच्चे पेड़ों से आम, लीची या अन्य फल-सब्जी तोड़ने का आनंद ले सकते हैं, खेतों की पगडंडियों पर दौड़ सकते हैं, हैंडपंप चला सकते हैं, तालाब किनारे बैठ सकते हैं, मछलियां देख सकते हैं। दादा-दादी से कहानियां या पुराने किस्से सुन सकते हैं, रात में छत पर लेटकर टिमटिमाते तारों भरा आकाश देख सकते हैं, जुगनुओं की चमक महसूस कर सकते हैं और सुबह पक्षियों की आवाज से जाग सकते हैं। ये छोटे-छोटे अनुभव बच्चों की स्मृतियों में लंबे समय तक जीवित रहते हैं।
मोह न छूटे माटी का
जिन लोगों का गांव से संबंध लगभग समाप्त हो चुका है, उनके पास भी विकल्पों की कमी नहीं है। वे फार्म स्टे, कृषि पर्यटन, किसी नजदीकी गांव की छोटी यात्रा अथवा नेचर कैंप में कुछ दिन बिताने की योजना बना सकते हैं। आज के बच्चे भले तकनीक और पढ़ाई में आगे हों, लेकिन मिट्टी को छूने, प्रकृति को समझने, श्रम का महत्व जानने और रिश्तों की गर्माहट महसूस करने का अनुभव उनके व्यक्तित्व को अधिक संतुलित और संवेदनशील बनाता है।
(लेखक लोक कला और संस्कृति के चिंतक हैं)
यह भी पढ़ें- अनजाने में पेरेंट्स कैसे चुन लेते हैं अपना 'फेवरेट चाइल्ड'? क्या होता है भाई-बहनों पर इस बात का असर
यह भी पढ़ें- बच्चा नहीं करता चीजें किसी से शेयर? पेरेंट्स इन 6 तरीकों से सिखाएं रिश्तों की अहमियत