हर मुलाकात के बाद थकान क्यों? “Energy Protection” शब्द अचानक इतना पॉपुलर कैसे हुआ
कुछ लोगों से मिलने के बाद आपको थका हुआ महसूस होता है, तो घबराइए मत! दरअसल, इसके पीछे कुछ साइकोलॉजिकल कारण हैं, जिनके कारण आपको लगता है कि किसी ने आपकी ...और पढ़ें

क्यों जरूरी है एनर्जी प्रोटेक्शन? (Picture Courtesy: Freepik)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। क्या आपके साथ कभी ऐसा हुआ है कि आप किसी दोस्त से मिलने गए या किसी पार्टी में शरीक हुए, और वहां से लौटने के बाद आपको ऐसा महसूस हुआ जैसे किसी ने आपकी सारी एनर्जी खींच ली हो? आप शारीरिक रूप से नहीं, बल्कि मानसिक और भावनात्मक रूप से पूरी तरह खाली महसूस करते हैं।
अगर हां, तो आप अकेले नहीं हैं। आजकल 'Energy Protection' शब्द सोशल मीडिया पर बहुत पॉपुलर हो गया है। आइए समझते हैं कि यह क्या है और आज के दौर में यह इतना जरूरी क्यों हो गया है।
क्यों थका देती हैं कुछ मुलाकातें?
हर इंसान की एक इमोशनल कैपेसिटी होती है। जब हम दूसरों से मिलते हैं, तो केवल बातों का ही नहीं, बल्कि एनर्जी का भी आदान-प्रदान होता है। ऐसे में किसी व्यक्ति से मिलने के बाद अगर आपको थकान महसूस होने लगती है, तो उसके पीछे कुछ कारण हो सकते हैं-
- इमोशनल डंपिंग- जब कोई व्यक्ति आपसे मिलते ही अपनी सारी परेशानियां और नेगेटिविटी आप पर उड़ेल देता है, तो आपका दिमाग उसे प्रोसेस करते-करते थक जाता है।
- दिखावा करना- कई बार हम ऐसे लोगों के बीच होते हैं जहां हमें परफेक्ट दिखने या उनके अनुसार व्यवहार करने का दबाव होता है। इस बनावटीपन के कारण भी बहुत ज्यादा एनर्जी खर्च होती है।
- सेंसरी ओवरलोड- शोर-शराबे वाली जगहें और बहुत सारे लोगों की मौजूदगी हमारे नर्वस सिस्टम को थका देती है।
क्या है Energy Protection?
एनर्जी प्रोटेक्शन का सीधा सा मतलब है अपनी मानसिक और भावनात्मक शांति को बाहरी नकारात्मकता से बचाना। यह खुद को दुनिया से काटने के बारे में नहीं है, बल्कि यह तय करने के बारे में है कि आप अपनी कीमती एनर्जी कहां और किसके ऊपर खर्च करेंगे।
यह शब्द इसलिए पॉपुलर हुआ क्योंकि लोग अब समझ रहे हैं कि समय से ज्यादा कीमती एनर्जी है। अगर आपके पास समय है, लेकिन एनर्जी नहीं, तो आप किसी भी काम का आनंद नहीं ले पाएंगे और न किसी काम पर ठीक से फोकस कर पाएंगे।
खबरें और भी
अपनी एनर्जी को कैसे सुरक्षित रखें?
- हेल्दी बाउंडरीज सेट करें- हर किसी को हां कहना बंद करें। अगर आपको लगता है कि किसी खास व्यक्ति से मिलना आपको स्ट्रेस देता है, तो दूरी बनाना या मिलने का समय कम करना आपकी प्राथमिकता होनी चाहिए।
- ना कहना सीखें- बिना किसी गिल्ट के उन कामों या कॉल्स को मना कर दें जो आपको अंदर से खाली महसूस कराते हैं।
- डिजिटल डिटॉक्स- सोशल मीडिया पर नेगेटिव खबरें या दूसरों की लाइफ से तुलना करना भी आपकी एनर्जी सोखता है। दिन का कुछ समय फोन से दूर बिताएं।
- मुलाकात के बाद रीसेट करें- किसी गहरी बातचीत या मुलाकात के बाद कुछ देर अकेले बैठें, गहरी सांस लें या म्युजिक सुनें, ताकि आपकी एनर्जी वापस बैलेंस हो सके।
यह आपकी मेंटल हेल्थ के लिए क्यों जरूरी है?
जब आप अपनी ऊर्जा की सुरक्षा करना सीख जाते हैं, तो आपकी एंग्जायटी कम होने लगती है। आप बेहतर फैसले ले पाते हैं और उन लोगों के साथ ज्यादा क्वालिटी समय बिता पाते हैं जो आपको वाकई खुशी देते हैं। यह आपके रिश्तों में भी सुधार लाता है क्योंकि आप चिड़चिड़े होने के बजाय शांत रहते हैं।