बरनाला में नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म, शादी का दबाव बनाया, जान से मारने की दी धमकी
बरनाला में 12वीं की नाबालिग छात्रा की शिकायत पर एक युवक के खिलाफ दुष्कर्म, धमकी और अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल ...और पढ़ें

युवती ने परिवार को बताई आपबीती।
HighLights
बरनाला में 12वीं की छात्रा से दुष्कर्म का आरोप।
आरोपित ने शादी का दबाव बनाया, जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू की।
जागरण संवाददाता, बरनाला। बरनाला जिले में 12वीं कक्षा में पढ़ने वाली एक नाबालिग छात्रा के साथ कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता के परिवार की शिकायत पर थाना तपा पुलिस ने आरोपित युवक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पीड़िता के न्यायालय में बयान दर्ज कराए गए हैं और मेडिकल जांच की रिपोर्ट सहित सभी तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
मामले की जांच अधिकारी उपनिरीक्षक जसप्रीत कौर ने बताया कि पीड़िता के पिता ने पुलिस को दिए बयान में कहा है कि वह अपने भाई के साथ एक ही मकान में रहते हैं। उनके अनुसार पिछले लगभग तीन वर्षों से एक महिला उनके भाई के घर में किराए पर रह रही है। शिकायत के मुताबिक, उस महिला का देवर अमृतपाल सिंह अक्सर वहां आता-जाता था, जिसके दौरान उसकी पहचान उनकी नाबालिग बेटी से हो गई।
परिजनों का आरोप है कि कुछ दिन पहले उनकी बेटी काफी घबराई हुई घर पहुंची। उसने परिवार को बताया कि अमृतपाल सिंह उस पर शादी करने का लगातार दबाव बना रहा है। छात्रा ने यह भी आरोप लगाया कि शादी से इन्कार करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी जा रही थी।
यह भी पढ़ें- सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर बाबा गुरविंदर सिंह खेड़ी पर FIR, पहली पत्नी ने लगाए दहेज और प्रताड़ना के गंभीर आरोप
मेडिकल परीक्षण के बाद कार्रवाई
परिवार के अनुसार, इसी बातचीत के दौरान छात्रा ने अपने साथ कथित दुष्कर्म की घटना की जानकारी भी दी। इसके बाद परिजनों ने बिना देरी किए पुलिस से संपर्क किया और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई।
खबरें और भी
पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण करवाया और उसके बयान न्यायालय में दर्ज कराए। प्रारंभिक जांच और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आरोपित के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता तथा बच्चों को लैंगिक अपराधों से संरक्षण से संबंधित कानून की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल-पंजाब सीमा पर बवाल: किसानों ने फ्री कर दिया टोल प्लाजा, ट्रेड डील और लैंड पूलिंग के खिलाफ हल्ला बोल
पुलिस कर रही छापेमारी
जांच अधिकारी ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। पुलिस हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले के सभी तथ्य स्पष्ट हो सकेंगे। फिलहाल पीड़िता और उसके परिवार को आवश्यक कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है तथा मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जा रही है।