बठिंडा ओवरब्रिज के नीचे झुग्गियों पर कार्रवाई, निगम ने हटाए ठिकाने; गंदगी व प्रदूषण की शिकायतों पर चला अभियान
नगर निगम ने ओवरब्रिज के नीचे बनी झुग्गियां हटाकर क्षेत्र खाली कराया। गंदगी और जल प्रदूषण की शिकायतों के बाद कार्रवाई हुई। पुनर्वास की मांग भी उठी, जबक ...और पढ़ें

अतिक्रमण को हटाते हुए निगम की टीमें।
HighLights
बठिंडा थर्मल प्लांट ओवरब्रिज से झुग्गियां हटाई गईं।
गंदगी और झीलों में कचरा डालने की शिकायतों पर हुई कार्रवाई।
नगर निगम ने पुलिस बल की मौजूदगी में क्षेत्र खाली करवाया।
जागरण संवाददाता, बठिंडा। पंजाब के बठिंडा शहर के थर्मल प्लांट के पास बने ओवरब्रिज के नीचे लंबे समय से रह रहे झुग्गीवासियों पर बुधवार को नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई की। निगम की टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में झुग्गियों को हटाकर पूरे क्षेत्र को खाली करवा दिया। इस दौरान किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति न बने, इसके लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।
जानकारी के अनुसार, ओवरब्रिज के नीचे कई परिवार लंबे समय से अस्थायी झुग्गियां बनाकर रह रहे थे। स्थानीय लोगों की ओर से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि झुग्गियों में रहने वाले लोग आसपास गंदगी फैला रहे हैं और पास की झीलों में कचरा डाल रहे हैं। आरोप यह भी था कि खुले में शौच के बाद गंदगी को पानी में बहा दिया जाता है, जिससे जल स्रोत प्रदूषित हो रहे हैं।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि यह अतिक्रमण लंबे समय से चला आ रहा था और कई बार झुग्गीवासियों को चेतावनी दी गई थी। बावजूद इसके स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ, जिसके बाद कार्रवाई का निर्णय लिया गया। बुधवार को निगम की टीम मौके पर पहुंची और झुग्गियों को हटाने का अभियान शुरू किया।
यह भी पढ़ें- संगरूर में गेहूं खरीद पर बवाल, भुगतान अटका; किसान आढ़ती परेशान, 24 घंटे में समाधान नहीं तो सड़क होगी जाम
झुग्गियां हटाने के साथ चला सफाई अभियान
कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध भी किया, लेकिन पुलिस की मौजूदगी में स्थिति नियंत्रण में रही और अभियान शांतिपूर्ण तरीके से पूरा कर लिया गया। निगम कर्मचारियों ने झुग्गियों को हटाने के साथ-साथ पूरे इलाके की सफाई भी करवाई।
खबरें और भी
पूर्व पार्षद विजय कुमार ने बताया कि उन्होंने पहले भी इस मुद्दे को प्रशासन के सामने उठाया था। उनका कहना था कि झीलों में जमा होने वाला पानी शहर के उपयोग में आता है, ऐसे में वहां गंदगी फैलना लोगों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। उन्होंने प्रशासन से झुग्गीवासियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने की भी मांग की थी।
यह भी पढ़ें- कपूरथला के होटल में लगी आग, किचन से उठी लपटें; गेस्ट सुरक्षित निकाले गए, 10 लाख से अधिक का नुकसान
अतिक्रमण के खिलाफ जारी रहेगा अभियान
नगर निगम का कहना है कि शहर की साफ-सफाई और जल स्रोतों की सुरक्षा उनकी प्राथमिकता है। अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि भविष्य में भी ऐसे अतिक्रमणों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।
हालांकि, इस कार्रवाई के बाद झुग्गीवासियों के पुनर्वास का मुद्दा भी उठने लगा है। स्थानीय लोगों का मानना है कि प्रशासन को इन परिवारों के लिए रहने की वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए, ताकि वे सुरक्षित और बेहतर वातावरण में जीवन यापन कर सकें।