Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    अकाली नेता हत्याकांड में इंसाफ की मांग, SSP दफ्तर के बाहर परिवार ने लगाया धरना; पुलिस पर लगे मिलीभगत के आरोप

    Updated: Thu, 21 May 2026 03:50 PM (IST)

    अकाली नेता निर्मल सिंह टीटू हत्याकांड में इंसाफ की मांग को लेकर परिजनों और ग्रामीणों ने एसएसपी कार्यालय के बाहर धरना दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपितों ...और पढ़ें

    धरने में बैठे हुए पारिवारिक सदस्य व अकाली नेता।

    धरने में बैठे हुए पारिवारिक सदस्य व अकाली नेता।

    HighLights

    1. टीटू हत्याकांड में इंसाफ के लिए परिजनों का प्रदर्शन।

    2. पुलिस की मिलीभगत और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग।

    3. बठिंडा-मानसा रोड जाम, यातायात प्रभावित हुआ।

    जागरण संवाददाता, बठिंडा। शिरोमणि अकाली दल के नेता निर्मल सिंह टीटू हत्याकांड में इंसाफ की मांग को लेकर वीरवार को उनके परिजनों और गांववासियों ने एसएसपी कार्यालय के बाहर जोरदार धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने हत्या मामले के सभी आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी और थाना कोटकपूरा के एसएचओ के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।

    धरने के दौरान प्रदर्शनकारियों ने बठिंडा-मानसा रोड की एक तरफ का रास्ता बंद कर दिया, जिससे ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित हो गई। सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मामले की सूचना मिलते ही नरिंदर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से सड़क खाली करने की अपील की।

    हालांकि धरने पर बैठे लोगों ने साफ कहा कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो वे अनिश्चितकालीन धरना शुरू करेंगे। मृतक के बेटे गोपी ने आरोप लगाया कि उनकी बुआ परिवार के साथ रह रही थीं और उनके नाम करोड़ों रुपये की जमीन-जायदाद थी। इसी संपत्ति को हड़पने की नीयत से कुछ लोगों ने उनके माता-पिता के खिलाफ अपहरण का झूठा मामला थाना कोटकपूरा में दर्ज करवाया।

    यह भी पढ़ें- 'ऑक्सीजन नहीं होगी तो वर्ल्ड बैंक भी मदद नहीं करेगा', गुरुग्राम मेट्रो विस्तार के लिए पेड़ों की कटाई पर HCF सख्त

    पुलिस टीम के साथ आए लोगों ने चलाई गोली

    गोपी के अनुसार 29 अप्रैल को एसएचओ चमकौर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम उनके गांव पहुंची थी। इस दौरान उनके पिता ने 112 नंबर पर शिकायत दर्ज करवाई और पुलिस कार्रवाई की वीडियो बनानी शुरू कर दी। आरोप है कि पुलिस टीम के साथ आए सादे कपड़ों में कुछ लोगों ने उनके पिता पर गोली चला दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान कुछ दिन पहले उनकी मौत हो गई।

    खबरें और भी

    परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने इस मामले में सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है, लेकिन अब तक किसी भी आरोपित की गिरफ्तारी नहीं हुई। परिवार का कहना है कि आरोपित खुलेआम घूम रहे हैं और उन्हें लगातार धमकियां दे रहे हैं।

    यह भी पढ़ें- अवैध खनन पर पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट सख्त, नायब सरकार से पूछा- 'ठेकेदारों को सिर्फ जुर्माना लगाकर क्यों छोड़ा?'

    परिवार ने इंसाफ के लिए लगाई गुहार

    प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि निर्मल सिंह टीटू की हत्या पुलिस की मिलीभगत से करवाई गई। उन्होंने मांग की कि अपहरण का कथित झूठा मामला तुरंत रद्द किया जाए, एसएचओ को हत्या मामले में नामजद किया जाए और सभी आरोपितों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए।

    धरने में शामिल लोगों ने बताया कि कुछ दिन पहले वे एसएसपी डाॅ. ज्योति यादव से भी मिले थे। उस दौरान उन्हें दो दिनों के भीतर आरोपितों की गिरफ्तारी का भरोसा दिया गया था, लेकिन पांच दिन बीत जाने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसी के विरोध में परिवार और ग्रामीणों ने धरना शुरू किया।

    गौरतलब है कि अकाली नेता निर्मल सिंह टीटू को कोटकपूरा और बठिंडा पुलिस की मौजूदगी में गोली मारी गई थी। घटना के बाद से ही इलाके में तनाव बना हुआ है और परिजन लगातार इंसाफ की मांग कर रहे हैं।

    यह भी पढ़ें- पंजाब के पठानकोट में शॉर्ट सर्किट से दुकान में लगी आग, बाप-बेटे की जलकर मौत