फाजिल्का में पति के घर में नहीं मिला 65 वर्षीय वृद्धा को सहारा, मां ने बेटों पर लगाया मारपीट व बेघर करने का आरोप
सीडफार्म गांव की 65 वर्षीय महिला ने अपने बेटों पर मारपीट कर घर से निकालने का आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ...और पढ़ें

ये AI जनरेटेड इमेज है।
HighLights
65 वर्षीय मां ने बेटों पर मारपीट, बेघर करने का आरोप लगाया।
पारिवारिक संपत्ति विवाद को लेकर पंचायत भी विफल रही।
पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर जांच शुरू की।
संवाद सहयोगी, अबोहर। अबोहर के सीडफार्म गांव में एक पारिवारिक विवाद उस समय गंभीर रूप ले गया, जब 65 वर्षीय महिला ने अपने ही बेटों पर मारपीट करने और घर से निकालने के आरोप लगाए। घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती महिला ने पुलिस से न्याय की मांग की है। वहीं मामले में दूसरे पक्ष ने भी एक-दूसरे पर मारपीट के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
अस्पताल में उपचाराधीन कौशल्या देवी, पत्नी स्वर्गीय जगतार सिंह ने बताया कि उनके पति का कई वर्ष पहले निधन हो चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पति ने मेहनत-मजदूरी कर परिवार के लिए घर बनाया था, लेकिन उनके निधन के बाद बेटों ने उनका सहारा बनने के बजाय उन्हें घर से अलग कर दिया।
यह भी पढ़ें- फिरोजपुर परिषद चुनाव के बाद बढ़ी अंदरूनी तकरार, विरोध जताने वालों पर भाजपा का एक्शन; 4 नेता निष्कासित
5 वर्षों से इधर-उधर रहने काे मजबूर
कौशल्या देवी के अनुसार परिवार में उनकी चार बेटियां और दो बेटे हैं। उनका कहना है कि बड़े बेटे के पास दो कमरे हैं, जबकि छोटे अविवाहित बेटे के पास एक कमरा है। इसके बावजूद उन्हें रहने के लिए कोई स्थान नहीं दिया जा रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी कारण वह पिछले लगभग पांच वर्षों से इधर-उधर रहने को मजबूर हैं और अधिकांश समय अपनी बेटियों के घर रहकर जीवन गुजार रही हैं।
पंचायत के फैसले को भी किया अस्वीकार
महिला ने बताया कि इस विवाद को लेकर गांव में कई बार पंचायत भी हुई, लेकिन उनके बेटों ने पंचायत के फैसलों और समझाइश को स्वीकार नहीं किया। उनका कहना है कि रविवार को एक बार फिर कमरे को लेकर विवाद हुआ, जो देखते ही देखते झगड़े में बदल गया। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी दौरान उनके बेटों ने उनके साथ मारपीट की, जिससे उन्हें चोटें आईं और अस्पताल में भर्ती होना पड़ा।
खबरें और भी
दूसरी ओर, इस मामले में प्रियंका और उसकी भाभी सुमन ने भी एक-दूसरे पर मारपीट करने के आरोप लगाए हैं। दोनों पक्षों का कहना है कि विवाद के दौरान उनके साथ भी अभद्र व्यवहार और हाथापाई हुई।
यह भी पढ़ें- फर्जी रेलवे विजिलेंस इंस्पेक्टर बनकर रौब झाड़ रहा था युवक, जालंधर कैंट स्टेशन पर गिरफ्तार
पुलिस ने बयान दर्ज कर जांच की शुरू
नगर थाना प्रभारी मनिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर लिए हैं। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे और जिस पक्ष की भूमिका दोषपूर्ण पाई जाएगी, उसके विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले में किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। दोनों पक्षों के बयान, चिकित्सकीय रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह मामला एक बार फिर पारिवारिक संपत्ति और आपसी विवादों के कारण बढ़ते तनाव की ओर संकेत करता है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।