Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    हड्डारोड़ी की आड़ में गौवंश पर क्रूरता का आरोप, फिरोजपुर में घरों से मिले पशु और संदिग्ध मांस; जांच शुरू

    Updated: Sun, 26 Jul 2026 05:52 PM (GMT+05:30)

    फिरोजपुर में पुलिस ने सामाजिक कार्यकर्ताओं की सूचना पर कार्रवाई कर जिंदा गौवंश का रेस्क्यू किया। बरामद संदिग्ध मांस के नमूने जांच के लिए भेजे। ...और पढ़ें

    मिले संदिग्ध मास की जानकारी देते हुए।

    मिले संदिग्ध मास की जानकारी देते हुए।

    HighLights

    1. फिरोजपुर में गौवंश क्रूरता, अवैध मांस कारोबार के आरोपों पर पुलिस कार्रवाई।

    2. छापेमारी में नौ जिंदा गौवंश और संदिग्ध मांस बरामद, जांच जारी।

    3. संदिग्ध मांस प्रयोगशाला भेजा गया, रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई।

    संवाद सहयोगी, फिरोजपुर। फिरोजपुर शहर के हड्डारोड़ी के पास माता वार्ड क्षेत्र में गौवंश के साथ कथित क्रूरता और संदिग्ध मांस के अवैध कारोबार के आरोपों ने सनसनी फैला दी है। सामाजिक कार्यकर्ताओं और गौ संरक्षण से जुड़े लोगों की सूचना पर पुलिस ने रविवार को इलाके में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान कई घरों से नौ जिंदा गौवंश बरामद किए गए। वहीं कुछ स्थानों पर संदिग्ध मांस भी मिला, जिसे कब्जे में लिया गया है।

    पुलिस ने संदिग्ध मांस को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि बरामद मांस किस प्रकार का है। पुलिस, पशु चिकित्सकों की टीम और सामाजिक कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में पूरे क्षेत्र की जांच की गई। इस दौरान बरामद जिंदा गौवंश को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। अधिकारियों ने बताया कि सभी पशुओं की चिकित्सकीय जांच भी करवाई जा रही है।

    यह भी पढ़ें- पेपर लीक पर मुख्यमंत्री भगवंत मान का दावा, बोले- साढ़े चार साल में एक भी प्रश्नपत्र नहीं हुआ लीक

    कार्यकर्ता ने लगाए अवैध कारोबार के आरोप

    सामाजिक कार्यकर्ता बेअंत सिंह भुल्लर ने आरोप लगाया कि हड्डारोड़ी की आड़ में लंबे समय से जिंदा गौवंश को काटने का अवैध धंधा चलाया जा रहा था। उनका कहना है कि पहले भी कई बार इस क्षेत्र में जाने का प्रयास किया गया, लेकिन कथित तौर पर हथियारबंद लोगों ने विरोध किया। इस बार पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई के दौरान कई ऐसे तथ्य सामने आए, जिनकी अब जांच की जा रही है।

    गौ सुरक्षा सेवा दल के पंजाब प्रधान संदीप वर्मा ने बताया कि सूचना मिलने के बाद वे फिरोजपुर पहुंचे और पुलिस को पूरे मामले से अवगत कराया। उन्होंने आरोप लगाया कि यहां से संदिग्ध मांस पैक कर विभिन्न शहरों में भेजा जाता था। साथ ही उन्होंने मौके पर एक घायल और तड़पते हुए गौवंश के मिलने का भी दावा किया।

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें- व्हाट्सएप काल से आई धमकी, खुद को आरजू बिश्नोई बताकर मुक्तसर के कारोबारी से मांगे 5 करोड़

    रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई

    नगर पुलिस उपाधीक्षक सुखविंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने मौके से जिंदा गौवंश का रेस्क्यू किया है। पशु चिकित्सकों की सहायता से बरामद संदिग्ध मांस के नमूने एकत्र कर प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

    पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में चार से पांच लोगों के नाम सामने आए हैं। इसके अलावा मांस के कथित अवैध परिवहन में इस्तेमाल होने वाले वाहनों और पूरे नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। संबंधित लोगों से पूछताछ कर सभी तथ्यों की पुष्टि की जाएगी।

    प्रशासन की भूमिका पर भी उठे सवाल

    घटना के बाद सामाजिक संगठनों ने दावा किया कि इलाके में लंबे समय से ऐसी गतिविधियों की शिकायतें मिलती रही थीं। उन्होंने हड्डारोड़ी को शहर से बाहर स्थानांतरित करने की मांग भी दोहराई।

    अधिवक्ता अश्विनी ढींगरा ने बताया कि आरोपितों की गिरफ्तारी और मामले में सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर सोमवार को विभिन्न हिंदू संगठनों की ओर से जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि प्रयोगशाला की रिपोर्ट, पशु चिकित्सकीय जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। 

    यह भी पढ़ें- धमाके की साजिश नाकाम, जालंधर में 1.3 किलो विस्फोटक समेत BKI आतंकी गिरफ्तार; विदेशी हैंडलरों से जुड़े तार