वैष्णो देवी जा रही बस पठानकोट में पुल के नीचे पानी में फंसी, 55 श्रद्धालुओं को पुलिस ने सुरक्षित निकाला
पठानकोट में तेज बारिश के कारण पुल के नीचे पानी भरने से वैष्णो देवी जा रही टूरिस्ट बस फंस गई। पुलिस और सड़क सुरक्षा बल ने 55 यात्रियों को सुरक्षित बाहर ...और पढ़ें

पुल के नीचे पानी में फंसी बस व बचाव कर्मी यात्रियों को बचाते हुए।
HighLights
पठानकोट में वैष्णो देवी जा रही बस जलभराव में फंसी।
55 श्रद्धालुओं को पंजाब पुलिस ने सुरक्षित बाहर निकाला।
समय पर बचाव अभियान से बड़ा हादसा टल गया।
जागरण संवाददाता, पठानकोट। लगातार हुई तेज बारिश के कारण पठानकोट-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुजानपुर के पास पुल नंबर तीन के नीचे भारी जलभराव हो गया। इसी दौरान देहरादून से माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जा रही एक टूरिस्ट बस पानी के बीच फंसकर बंद हो गई। बस में 55 श्रद्धालु सवार थे। सूचना मिलते ही पंजाब पुलिस और सड़क सुरक्षा बल ने मौके पर पहुंचकर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
समय रहते किए गए इस राहत अभियान से एक बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार बुधवार रात हुई मूसलाधार बारिश के चलते पुल नंबर तीन के नीचे काफी मात्रा में पानी जमा हो गया था। जलभराव को देखते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने एक तरफ से यातायात संचालित करने की व्यवस्था की थी।
हालांकि रात के समय बस चालक को पानी की गहराई का सही अंदाजा नहीं लग सका। जैसे ही उसने बस को पुल के नीचे से निकालने का प्रयास किया, बस गहरे पानी में जाकर बंद हो गई।
यह भी पढ़ें- पूर्व जत्थेदार के बयान के बाद हरकत में SIT, बेअदबी व बहिबल कलां मामलों की जांच तेज; आज घटनास्थलों का किया दौरा
पंजाब पुलिस की हेल्पलाइन पर मांगी सहयात
बस चालक विनीत गुप्ता और यात्रियों ने तुरंत पंजाब पुलिस हेल्पलाइन पर संपर्क कर मदद मांगी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अरुण शर्मा पुलिस टीम और सड़क सुरक्षा बल के जवानों के साथ मौके पर पहुंचे। राहत दल ने बिना समय गंवाए बस में फंसे सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया और उनके ठहरने के लिए होटल की व्यवस्था भी कराई गई।
थाना प्रभारी अरुण शर्मा ने बताया कि पुल नंबर तीन के नीचे अक्सर बारिश के दौरान पानी जमा हो जाता है। इस बार लगातार हुई तेज बारिश के कारण जलभराव सामान्य से अधिक था, जिससे यह स्थिति बनी। उन्होंने लोगों से अपील की कि बारिश के दौरान जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतें और प्रशासन द्वारा जारी यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करें।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- पार्क में मिला 32 वर्षीय युवक का शव, मौत के कारणों की जांच में जुटी पुलिस; पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी नजर
देहरादून से आए थे यात्री
देहरादून से माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए निकले यात्रियों ने राहत अभियान के लिए पंजाब पुलिस और सड़क सुरक्षा बल का आभार जताया। यात्रियों ने कहा कि यदि पुलिस समय पर नहीं पहुंचती तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी। उन्होंने कहा कि पुलिस ने न केवल उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला, बल्कि उनके ठहरने की भी तत्काल व्यवस्था कराई।
राहत अभियान के दौरान सड़क सुरक्षा बल के सिपाही रमणदीप सिंह, आदेश कुमार, लखबीर सिंह, विनोद कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे। प्रशासन ने बताया कि क्षेत्र में जलभराव की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम भी किए जाएंगे।