Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    दिल्ली-शामली-सहारनपुर रेलवे मार्ग पर कपलिंग टूटने से दो हिस्सों में बंटी कोयला लदी मालगाड़ी

    By Kapil Kumar Edited By: Praveen Vashishtha
    Updated: Wed, 22 Jul 2026 12:50 PM (IST)

    Baghpat News : दिल्ली-शामली-सहारनपुर रेलवे मार्ग पर कोयला लदी मालगाड़ी कपलिंग टूटने से दो हिस्सों में बंट गई, जिससे करीब डेढ़ घंटा रेल मार्ग प्रभावित ...और पढ़ें

    बागपत में अहैड़ा हाल्ट के पास अलग हुए मालगाड़ी के डिब्बे। वीडियो ग्रैब

    बागपत में अहैड़ा हाल्ट के पास अलग हुए मालगाड़ी के डिब्बे। वीडियो ग्रैब

    HighLights

    1. बागपत के अहैड़ा हाल्ट के पास हुई घटना, यात्रियों को हुई परेशानी।

    2. डेढ़ घंटा प्रभावित रहा दिल्ली-शामली-सहारनपुर रेल मार्ग।

    जागरण संवाददाता, बागपत। दिल्ली-शामली-सहारनपुर रेलवे मार्ग पर कपलिंग टूटने से मंगलवार सुबह कोयला लदी मालगाड़ी दो हिस्सों में बंट गई। गनीमत रही कि कोई वैगन पटरी से नहीं उतरा, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। तकनीकी टीम ने जांच कर कपलिंग को दुरुस्त किया। इसके बाद ट्रेन अपने गंतव्य को रवाना हुई। इसकी वजह से करीब डेढ़ घंटा रेल मार्ग प्रभावित रहा। सवारी गाड़ी के यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

    दिल्ली से सहारनपुर होते हुए मालगाड़ी कोयला लेकर चंडीगढ़ जा रही थी। अहैड़ा हाल्ट से सुबह करीब 6:42 बजे मालगाड़ी बागपत रोड स्टेशन की ओर चली। थोड़ी दूर जाने के बाद कपलिंग टूट गई। इंजन के साथ पांच वैगन आगे बढ़ गए और 35 पीछे छूट गए। चालक ने सुझबूझ का परिचय देते हुए ट्रेन को रोका और विभागीय स्टाफ को हादसे की जानकारी दी। दो हिस्सों में बंटी मालगाड़ी को देखकर आसपास के लोग देखने के लिए वहां जमा हो गए।

    लोगों ने मालगाड़ी के फोटो व वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर भी पोस्ट किया। बागपत रोड स्टेशन व अन्य स्थानों से तकनीकी टीम ने मौके पर पहुंचकर कपलिंग को दुरुस्त किया। इसके उपरांत ट्रेन अपने गंतव्य को रवाना हुई। शामली से दिल्ली जाने वाली एक पैसेंजर ट्रेन करीब एक घंटे तक बागपत रोड स्टेशन पर खड़ी रही। इसी तरह एक पैसेंजर ट्रेन खेकड़ा स्टेशन पर खड़ी रही। उधर, रेलवे हादसे के तकनीकी कारणों की जांच कर रहा है। बड़ौत रेलवे स्टेशन अधीक्षक सुरेश कुमार का कहना है कि दिल्ली की ओर से आने वाली मालगाड़ी में तकनीकी खराबी आ गई थी।

    यह भी पढ़ें- मेरठ से दिल्ली पहुंचने में शालीमार एक्सप्रेस को लगे आठ घंटे, एक दर्जन से अधिक ट्रेनें लेट; यात्री हुए परेशान

    लोको पायलट ने मालगाड़ी पीछे हटाई, हेल्पर और गार्ड ने कपलिंग लगाई

    मालगाड़ी के दो हिस्सों में बंटने के बाद रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों के फोन घनघनाने लगे थे। बागपत रोड स्टेशन और अहैड़ा हाल्ट से कर्मचारी हादसा स्थल की ओर दौड़ पड़े। तब तक स्थानीय लोगों की वहां पर भीड़ लग गई थी। विभागीय सूत्रों के अनुसार जब तक तकनीकी टीम मौके पर पहुंची, तब तक लोको पायलट ने मालगाड़ी को पीछे कर दिया था और हेल्पर व गार्ड ने लोगों की मदद से कपलिंग को लगा दिया था।

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें- Delhi-Dehradun Economic Corridor पर गड्ढे मिलने पर NHAI गंभीर,   तकनीकी ऑडिट शुरू कर लिए जा रहे नमूने

    इसके बाद वैगन आपस में जुड़ गए थे। मालगाड़ी तब तक आगे नहीं बढ़ी, जब तक तकनीकी टीम ने जांच तक ठीक होना नहीं बता दिया। वहीं ट्रेन के यात्री व अन्य लोगों का कहना है कि मालगाड़ी हो या यात्री ट्रेन की नियमित देखरेख होनी चाहिए। अनदेखी में ही दुर्घटना होती है। बड़ा हादसा होने से टला है। उनकी मांग है कि इस हादसे की निष्पक्ष जांच हो। यदि किसी कर्मचारी की लापरवाही है तो उसके विरुद्ध कार्रवाई होनी चाहिए।

    यह भी पढ़ें- Delhi-Dehradun Economic Corridor पर कट नहीं मिला तो ट्रैक्टर से निकालेंगे तिरंगा यात्रा, नरेश टिकैत ने दी चेतावनी