फिरोजाबाद मुठभेड़: बदमाशों को ढेर करने वाली SOG टीम को 50 हजार का इनाम, बदमाश अंकित का पुलिस निगरानी में अंतिम संस्कार
फिरोजाबाद मुठभेड़ में मारे गए वांछित बदमाश अंकित का अंतिम संस्कार पुलिस निगरानी में भरथना में किया गया, जिसमें उसके भाई ने मुखाग्नि दी। बदमाशों को ढेर ...और पढ़ें

अंकित व सुमित का फाइल फोटो। इंस्पेक्टर क्राइम अरिमर्दन सिंह मृतक के भाई दीपचंद्र से जानकारी लेते। जागरण
HighLights
फिरोजाबाद मुठभेड़ में वांछित बदमाश अंकित का अंतिम संस्कार।
बदमाशों को ढेर करने वाली एसओजी टीम को 50 हजार इनाम।
मुठभेड़ के दौरान बदमाशों ने बच्चे को बनाया था ढाल।
जागरण टीम, इटावा। फिरोजाबाद के शिकोहाबाद क्षेत्र में चर्चित पुलिस मुठभेड़ में डॉक्टर से चेन लूट के मामले में मारे गए वांछित बदमाश अंकित का पागल बाबा आश्रम पर अंतिम संस्कार किया गया। उसके बड़े भाई ने मुखाग्नि दी। बदमाशों को मुठभेड़ में ढेर करने वाली एसओजी टीम को 50 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया। कार्रवाई के दौरान बदमाशों ने प्राथमिक विद्यालय नगला कन्ही में एक बच्चे को ढाल बनाया था।
शनिवार तड़के पांच बजे पुलिस अभिरक्षा में भरथना कस्बे के मुहल्ला यादव नगर स्थित उसके भाई दीपचंद उर्फ दीपू के आवास पर अंकित के शव को लाया गया था। भाई दीपचंद उर्फ दीपू ने बताया भाई बुरी संगत में आकर अपराध की दुनिया में सक्रिय हो गया था। अपराध करने वालों का यही हश्र होता है। उन्होंने यह भी कहा कि भाई की मौत पर कोई मलाल नहीं है।
दो गोलियां लगने के निशान
उन्होंने बताया कि शुक्रवार सुबह शिकोहाबाद क्षेत्र में हुई पुलिस मुठभेड़ में उनके भाई अंकित उर्फ सीपू की मौत हो गई थी। उसके दो गोलियों के लगने के निशान हैं। सूचना देर शाम मिलने पर वह फिरोजाबाद पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। जहां देर रात करीब तीन बजे उन्होंने शव की शिनाख्त की और उसे पुलिस की निगरानी में भरथना स्थित आवास लेकर आए।
सुबह शव का अंतिम संस्कार किया गया
शनिवार सुबह स्वजन ने अंतिम संस्कार की सभी रस्में पूरी करने के बाद शव को ओम श्री पागल बाबा गंगासागर धाम ले जाया गया, जहां उसका अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। इस दौरान थाना प्रभारी विक्रम सिंह, इंस्पेक्टर अरिमर्दन सिंह, कस्बा चौकी प्रभारी तन्मय चौधरी सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
खबरें और भी
बदमाशों को मार गिराने वाली एसओजी टीम को 50 हजार का पुरस्कार
इकदिल क्षेत्र में चिकित्सक से चेन स्नेचिंग की घटना के बाद फरार चल रहे दो बदमाशों को शिकोहाबाद में हुई मुठभेड़ में मार गिराने वाली इटावा एसओजी और सर्विलांस टीम को प्रदेश स्तर पर सम्मान मिला है। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्ण ने टीम की बहादुरी, त्वरित निर्णय क्षमता और उत्कृष्ट टीम वर्क की सराहना करते हुए 50 हजार रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया है। वहीं अपर पुलिस महानिदेशक (कानपुर जोन) ने भी टीम को सम्मानित करने की घोषणा की है।
टीम आखिरी तक करती रही थी पीछा
एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि प्रकाश नगर, महेरा चुंगी निवासी चिकित्सक आरएस पाल से तीन जुलाई को हुई चेन स्नेचिंग के मामले में वांछित अंकित उर्फ सीपू और हिस्ट्रीशीटर सुमित यादव उर्फ विवेक के ट्रेन से झारखंड भागने की सूचना मिली थी। सूचना पर एसओजी और सर्विलांस टीम ने शुक्रवार सुबह शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन के पास घेराबंदी की। खुद को घिरा देख दोनों बदमाशों ने ट्रेन की चेन पुलिंग कर भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई के दौरान एसओजी के सिपाही डेविड चौहान और पुष्पेंद्र चौधरी गोली लगने से घायल हो गए, लेकिन टीम ने उनका पीछा जारी रखा।
बाइक लूटी, बच्चों को बंधक बनाया
भागते समय बदमाशों ने एक राहगीर से बाइक लूट ली और पास के प्राथमिक विद्यालय से एक मासूम बच्चे को बंधक बनाकर उसकी आड़ में पुलिस पर फायरिंग करने लगे। चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद पुलिस टीम ने संयम और रणनीति के साथ बच्चे को सकुशल मुक्त कराया। इसके बाद हुई जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों को मार गिराया। इसके बाद मजिस्ट्रेट की निगरानी में वीडियोग्राफी कराते हुए चिकित्सकों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया और बाद में शव स्वजन को सौंप दिए। वहीं घायल पुलिसकर्मियों का उपचार जारी है। एसएसपी, एएसपी नगर अभय नाथ त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारियों ने एसओजी और सर्विलांस टीम की इस उपलब्धि को पुलिस के साहस, पेशेवर दक्षता और टीम भावना का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।