रसगुल्ले के पीछे महासंग्राम, घाटमपुर की बरात में एक साथ 4 लेने पर चले लाठी-डंडे, कई घायल, बीच बचाव करने वालों के तोड़े दांत
कानपुर के पासीखेड़ा गांव में एक शादी समारोह में बार-बार रसगुल्ले मांगने को लेकर विवाद हो गया। इस झगड़े में लाठी-डंडे चले, जिसमें बीच-बचाव करने आए एक ग ...और पढ़ें

(Photo Source - AI Generated)
जागरण संवाददाता, कानपुर। कानपुर के घाटमपुर क्षेत्र में बरात में रसगुल्ले को लेकर महासंग्राम हो गया। लाठी डंडे लेकर बराती जनाती टूट पड़े। इसी बीच बचाव कराने आए एक ग्रामीण के दांत तक तोड़ डाले गए।
घाटमपुर क्षेत्र के पासीखेड़ा में शनिवार रात एक शादी समारोह के दौरान रसगुल्लों को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि दो पक्षों में मारपीट हो गई। घटना साढ़ थाना क्षेत्र की है। विवाद के दौरान लाठी-डंडे चले, जिसमें बीच-बचाव करने पहुंचे दो ग्रामीण घायल हो गए। एक युवक के दांत टूट गए, जबकि दूसरे के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। घायलों का स्थानीय स्तर पर उपचार कराया गया।
गांव में आयोजित शादी समारोह में रात करीब 11 बजे कुछ लोग भोजन स्थल पर पहुंचे और रसगुल्ले मांगने लगे। भोजन परोस रहे ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें पहले ही मिठाई दी जा चुकी थी, लेकिन इसके बाद भी वे लगातार अधिक रसगुल्ले मांगते रहे। आरोप है कि कुछ लोग एक साथ चार-चार रसगुल्ले देने की जिद करने लगे। जब परोसने वालों ने इससे मना किया तो कहासुनी शुरू हो गई।
मारपीट में घायल सत्यपाल और नन्हका। ग्रामीण
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की के बाद मारपीट शुरू हो गई। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और शादी समारोह का माहौल बिगड़ गया। शोर-शराबा सुनकर आसपास के ग्रामीण भी वहां पहुंच गए और किसी तरह मामला शांत कराया।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई। थाना प्रभारी केके मिश्रा ने बताया कि मामले की शिकायत मिली है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है और विवाद के कारणों की जांच की जा रही है।