गैस नहीं तो गुस्सा.... कानपुर में LPG को लेकर हालात बेकाबू, बुजुर्ग बेहोश, महिलाओं का हंगामा, सड़क जाम
कानपुर में एलपीजी सिलिंडर की किल्लत से लोग परेशान हैं। पांडु नगर की भागवत गैस एजेंसी पर सिलिंडर न मिलने पर महिलाओं ने हंगामा किया और सड़क जाम कर दी। ल ...और पढ़ें

पुलिस लाइन स्थित गैस गोदाम के बाहर गैस सिलिंडर लेने के लिए लगी उपभोक्ता की लाइन व भागवत गैस एजेंसी में गैस न मिलने पर सड़क पर बैठी महिला। जागरण
जागरण संवाददाता, कानपुर। कानपुर में एलपीजी सिलेंडर की किल्लत ने आम लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें लग रही हैं, जहां घंटों इंतजार के बाद भी लोगों को सिलेंडर नहीं मिल पा रहा। महिलाओं ने आक्रोश में हंगामा और सड़क जाम किया, जबकि भीषण गर्मी में लाइन में लगे बुजुर्गों की हालत बिगड़ती दिखी। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस की मौजूदगी में वाउचर बांटे गए।
एलपीजी सिलिंडर को लेकर चल रही परेशानी कम नहीं हो रही है। सिलिंडर न मिलने पर गैस वितरण एजेंसियों के बाहर हंगामे हो रहे हैं। घंटों लाइन में लगने से लोगों की हालत बिगड़ रही है। घंटों लाइन में लगने के बाद भी सिलिंडर न मिलने से पांडु नगर नहरिया स्थित भागवत गैस एजेंसी के बाहर महिलाओं ने हंगामा किया। उन्होंने सड़क पर जाम लगा दिया।
वहीं सिलिंडर के लिए लाइन में लगे एक बुजुर्ग गश खाकर गिर गए। हंगामे व सड़क जाम की सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिलाओं को समझाकर शांत कराया। पुलिस की निगरानी में लाइन लगवाकर वाउचर बनवाएं गए तथा सिलिंडर वितरित करवाए गए।
भागवत गैस एजेंसी में उपभोक्ताओं की लगी भीड़ । जागरण
कर्मचारियों और उपभोक्ताओं में हुई धक्का मुक्की
भागवत गैस एजेंसी के बाहर सुबह से सैकड़ों उपभोक्ताओं की भीड़ वाउचर बनवाने तथा सिलिंडर लेने के लिए पहुंच गई। गैस एजेंसी के कार्यालय पर कर्मचारियों व उपभोक्ताओं के बीच धक्का-मुक्की होने लगी। इस बीच महिलाओं ने हंगामा शुरू कर दिया। वे सड़क पर बैठ गई ओर जाम लगा दिया। एजेंसी के विरुद्ध नारेबाजी भी होने लगी। उपभोक्ताओं का कहना था कि एजेंसी के लगातार चक्कर काटने के बाद भी न तो सिलिंडर बुकिंग हो रही है न ही एलपीजी उपलब्ध कराई जा रही है। कर्मचारी वाउचर बनाने तथा सिलिंडर देने की बजाय अभद्रता कर रहे है।
खबरें और भी
पुलिस ने पहुंचकर जाम खुलवाया
इस बीच सिलिंडर के लिए लाइन में लगे एक बुजुर्ग को भी चक्कर आ गया। वे गश खाकर गिर गए। लोगों ने उनको सड़क के किनारे बैठाया, उनको पानी पिलाया गया। मौके पर पुलिस ने पहुंच कर हंगामा शांत कराया तथा जाम खुलवाया। इससे पहले भी यहां हंगामा हो चुका है। अन्य गैस वितरण एजेंसियों में भी हंगामे की स्थिति बनी हुई है।
एलपीजी के लिए मारामारी, हजारों उपभोक्ता खाली हाथ
एलपीजी की लिए मारामारी कम नहीं हो रही है। हजारों की संख्या में उपभोक्ताओं को एलपीजी नहीं मिल रही है। किसी के पास डिलीवरी का संदेश पहुंच रहा है है लेकिन सिलिंडर नहीं मिल रहा है, किसी को घंटों लाइन में लगने के बाद भी खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। वहीं प्रशासन का कहना है कि मांग के अनुसार आपूर्ति बढ़ाई गई है। प्रशासन के आंकडों पर नजर डाली जाए तो 20 से 28 मार्च के बीच 226755 उपभोक्ताओं ने एलपीजी की बुकिंग कराई है। इनमें से 207522 उपभोक्ताओं को सिलिंडर डिलीवर किए जा चुके हैं।
रसोई गैस की किल्लत के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन
महानगर कांग्रेस कमेटी ने रसोई गैस की किल्लत के खिलाफ रविवार को प्रदर्शन किया। दादानगर इंडस्ट्रियल एरिया स्टेट बैंक चौराहा से ममता गैस एजेंसी तक सिलिंडर की प्रतीकात्मक अर्थी निकाली। सिलिंडर के लिए लाइन में लगे लोगों को पानी भी पिलाया। सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की। अध्यक्ष पवन गुप्ता ने रसोई गैस की सुचारु आपूर्ति कर जनता को राहत देने की मांग की। यहां एआइसीसी सदस्य और गोविंद नगर कोआर्डिनेटर जेपी पाल, विकास अवस्थी, हरीश बाजपेई, रमाकांत शर्मा, राम स्वरूप तिवारी, राकेश साहू मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- 'पापा मेरी ताकत हैं'... राजमिस्त्री की बेटी निहारिका ने पहले ही प्रयास में पास की UPPCS, खुशी से निकले आंसू
यह भी पढ़ें- हार नहीं मानी… चौथे प्रयास में PCS पास कर कानपुर के अमन शुक्ला बने अफसर, जानिए संघर्ष की पूरी कहानी
यह भी पढ़ें- बड़ा हादसा: बरातियों से भरी बस पर ट्रक और डंपर की जबरदस्त भिड़ंत, कानपुर हाईवे पर चीख-पुकार
यह भी पढ़ें- कानपुर-लखनऊ रेल रूट पर बड़ा झटका: 42 दिन ट्रेनें रद्द, वंदे भारत-शताब्दी समेत कई ट्रेनों का रूट बदला