टाटा मोटर्स में डिविडेंड की तैयारी, टाटा स्टील में ग्रेड रिवीजन पर मंथन और कमिंस में मेडिक्लेम पर रार; टाटा नगर की कंपनियों का हाल
जमशेदपुर की प्रमुख औद्योगिक इकाइयों में हलचल तेज है, जहां टाटा मोटर्स लाभांश की घोषणा करेगी और टाटा स्टील में ग्रेड रिवीजन पर चर्चा हुई। वहीं, टाटा कम ...और पढ़ें

सोनारी स्थित ट्राइबल कल्चर सेंटर में टाटा स्टील फाउंडेशन की बैठक में आदिवासी समुदायों के स्थायी सामाजिक विकास पर जोर। (फोटो: जागरण)
HighLights
टाटा मोटर्स 13 मई को लाभांश की घोषणा करेगी।
टाटा स्टील में ग्रेड रिवीजन पर दो घंटे चर्चा हुई।
टाटा कमिंस यूनियन ने मेडिक्लेम प्रस्ताव अस्वीकार किया।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। लौहनगरी जमशेदपुर की प्रमुख औद्योगिक इकाइयों में इन दिनों हलचल तेज है। एक ओर जहां टाटा मोटर्स के निवेशकों की नजरें आगामी लाभांश पर टिकी हैं, वहीं दूसरी ओर टाटा स्टील और टाटा कमिंस में कर्मचारियों के हितों और वेतन समझौतों को लेकर बैठकों का दौर जारी है। पेश है जमशेदपुर की कॉर्पोरेट जगत की बड़ी खबरें:
1. टाटा मोटर्स: 13 मई को होगी लाभांश की घोषणा
टाटा मोटर्स कमर्शियल व्हीकल लिमिटेड के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की महत्वपूर्ण बैठक 13 मई को होने जा रही है। इस बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही के परिणामों की समीक्षा की जाएगी।
निवेशकों के लिए सबसे बड़ी खबर यह है कि इसी दिन शेयरधारकों के लिए लाभांश (डिविडेंड) की सिफारिश भी की जाएगी। इसे वार्षिक आम सभा में शेयरधारकों की मंजूरी के लिए रखा जाएगा। पिछले वित्तीय वर्ष में कंपनी ने छह रुपये प्रति शेयर का लाभांश दिया था।
2. दीपांजन रॉय बने टाटा मोटर्स कमर्शियल व्हीकल के नए सीएमओ
टाटा मोटर्स ने दीपांजन रॉय को अपने कमर्शियल व्हीकल बिजनेस का नया चीफ मार्केटिंग ऑफिसर (सीएमओ) नियुक्त किया है। टाटा समूह के साथ यह उनकी दूसरी पारी है। इससे पहले वह करीब 15 वर्षों तक इस संस्थान में विभिन्न नेतृत्व पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
खबरें और भी
रॉय इससे पहले ट्रैक्टर्स एंड फार्म इक्विपमेंट लिमिटेड में सीनियर वाइस प्रेसिडेंट (सेल्स एंड मार्केटिंग) के पद पर कार्यरत थे। उनके पास एयर इंडिया में वाइस प्रेसिडेंट (कार्गो) के रूप में कार्य करने का भी अनुभव है।
आटो सेक्टर और मार्केटिंग क्षेत्र में उनके लंबे और विशेषज्ञ अनुभव का लाभ अब टाटा मोटर्स को मिलेगा। उनकी नियुक्ति से कंपनी की बाजार रणनीतियों को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
3. टाटा स्टील: ग्रेड रिवीजन पर दो घंटे चली चर्चा
टाटा स्टील प्रबंधन और यूनियन नेतृत्व के बीच सोमवार को लंबित ग्रेड रिवीजन पर बैठक हुई। लगभग दो घंटे चली इस बैठक में कर्मचारियों के विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।
प्रबंधन की ओर से हयूमन रिसोर्स चीफ जुबिन पालिया जबकि यूनियन की ओर से अध्यक्ष संजीव चौधरी, डिप्टी प्रेसिडेंट शैलेश सिंह व महासचिव सतीश सिंह उपस्थित थे। कर्मचारी वर्ग इस वार्ता को सकारात्मक रूप में देख रहा है।
4. टाटा कमिंस: यूनियन ने नकारा मेडिक्लेम प्रस्ताव
टाटा कमिंस में प्रबंधन स्थायी कर्मचारियों के लिए दो लाख का मेडिक्लेम लेकर आई है, लेकिन टीसी कर्मचारी यूनियन ने इस प्रस्ताव को मानने से इंकार कर दिया। टाटा कमिंस में कर्मचारियों का वेतन समझौता एक अप्रैल 2026 से लंबित है।
सोमवार को प्रबंधन और यूनियन के बीच ग्रेड रिवीजन से पहले मेडिकल सुविधा पर चर्चा हुई। वर्तमान में कर्मचारियों को टाटा मोटर्स, टिनप्लेट व टीएमएच अस्पताल में इलाज की सुविधा मिलती है। यूनियन नेतृत्व ने स्पष्ट कर दिया कि वे पूर्व की व्यवस्था से खुश हैं और मेडिक्लेम लेना नहीं चाहते।
5. टाटा पावर की चेतावनी: व्हाट्सएप फर्जीवाड़ा के प्रति सचेत रहें
टाटा पावर ने देश भर में फैले अपने उपभोक्ताओं को व्हाट्सएप स्कैम के प्रति सचेत किया है। कंपनी ने कहा है कि यदि किसी उपभोक्ता के पास किसी अवांछित नंबर से बिजली कटने या केवाईसी अपडेट करने का संदिग्ध संदेश आए, तो उस पर भरोसा न करें।
ठग फर्जी लिंक भेजकर फोन हैक कर सकते हैं। कंपनी कभी भी फोन या ईमेल द्वारा ओटीपी, बैंक विवरण या पासवर्ड नहीं मांगती है। किसी भी शिकायत के लिए तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें।
6. टाटा मोटर्स कर्मचारियों के वेतन में 19,750 रुपये की बड़ी वृद्धि
टाटा मोटर्स जमशेदपुर के कर्मचारियों के लिए नए ग्रेड रिवीजन समझौते का ब्योरा साफ हो गया है। अगले चार वर्षों के दौरान कर्मचारियों के वेतन में कुल 19,750 रुपये की बढ़ोतरी होगी, जिसका सबसे बड़ा हिस्सा यानी 10,862 रुपये पहले ही साल लागू कर दिया जाएगा।
इसमें बेसिक पे, एचआरए और पीएफ के साथ-साथ भविष्य की सुरक्षा के लिए ग्रेच्युटी में भी इजाफा किया गया है। वेतन के अलावा सुविधाओं में भी विस्तार हुआ है। अब कर्मचारियों को 5 लाख रुपये तक का मेडिकल क्लेम और 100 दिनों का लीव बैंक मिलेगा।
टी-ग्रेड का लाभ सॉफ्टवेयर अपडेट के बाद जून-जुलाई के वेतन से मिलना शुरू होगा। इस समझौते में 24 ब्लॉक क्लोजर और फ्लेक्सी क्लोजर की व्यवस्था को भी बरकरार रखा गया है।
7. सामाजिक विकास: आदिवासियों के उत्थान पर टीएसएफ का जोर
झारखंड और ओडिशा में आदिवासी व हाशिए पर पड़े समुदायों के स्थायी सामाजिक विकास पर टाटा स्टील फाउंडेशन (टीएसएफ) ने जोर दिया है। सोनारी स्थित ट्राइबल कल्चर सेंटर में हुई बैठक में आदिवासी समुदायों के स्वास्थ्य, शिक्षा, आजीविका और महिला सशक्तिकरण के लिए मानसी जैसे कार्यक्रमों को विस्तार देने का निर्णय लिया गया।
साथ ही टाटा स्टील फाउंडेशन कर्मचारियों की सुविधा व कल्याण पर भी चर्चा हुई। यूनियन नेतृत्व द्वारा उठाए गए मुद्दों को प्रबंधन ने सुना। बैठक में प्रबंधन की ओर से देबदूत मोहंती व यूनियन की ओर से राकेश्वर पांडेय समेत कई प्रतिनिधि उपस्थित थे।
यह भी पढ़ें- टाटा स्टील की ₹1500 करोड़ की 'कांबी मिल' का मई में शुभारंभ, 0.5 मिलियन टन क्षमता वाली यूनिट का CM करेंगे लोकार्पण
यह भी पढ़ें- झारखंड में ट्रेनों की लेटलतीफी होगी खत्म: 193 करोड़ का एलीफेंट कॉरिडोर और तीसरी-चौथी लाइन से बढ़ेगी रफ्तार
यह भी पढ़ें- आद्रा डिवीजन में रेल विकास कार्य: 27 अप्रैल से 3 मई तक टाटा नगर रूट की कई ट्रेनें रद व मार्ग परिवर्तित
यह भी पढ़ें- टाटा स्टील को रामगढ़ से 1755 करोड़ का नोटिस, कंपनी ने खनन विभागके खिलाफ केंद्र सरकार से की अपील