Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    जमशेदपुर DD Bar कांड में बड़ी कार्रवाई: हटाए गए जमशेदपुर एसएसपी पीयूष पांडेय और सरायकेला एसपी

    Updated: Wed, 01 Jul 2026 12:10 AM (IST)

    जमशेदपुर के बिष्टुपुर में छेड़खानी के विरोध में युवक की हत्या के बाद कानून-व्यवस्था पर सवाल उठे। मुख्यमंत्री के निर्देश पर जमशेदपुर एसएसपी और सरायकेला ...और पढ़ें

    जमशेदपुर एसएसपी पीयूष पांडे और सरायकेला एसपी निध‍ि द्विवेदी।

    जमशेदपुर एसएसपी पीयूष पांडे और सरायकेला एसपी निध‍ि द्विवेदी।

    HighLights

    1. छेड़खानी के विरोध में युवक हिमांशु सिंह की हत्या।

    2. जमशेदपुर एसएसपी और सरायकेला एसपी पद से हटाए गए।

    3. तीन शीर्ष अधिकारी जमशेदपुर में कानून-व्यवस्था की करेंगे जांच।

    जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। जमशेदपुर के बिष्टुपुर इलाके में एक बार के बाहर छेड़खानी का विरोध करने पर पुलिस वैन से खींचकर युवक हिमांशु सिंह की हत्या मामले में राज्य सरकार ने बेहद सख्त कदम उठाया है। 
     
    कानून-व्यवस्था पर उठे गंभीर सवालों और जनता के भारी आक्रोश को देखते हुए मुख्यमंत्री के निर्देश पर जमशेदपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) पीयूष पांडेय और सरायकेला के पुलिस अधीक्षक (SP) को पद से हटा दिया गया है। 
     
    इन दोनों अधिकारियों को विधि व्यवस्था नियंत्रित करने में विफलता एवं आपराधिक गतिविधियों को रोकने में लापरवाही बरतने के आरोप में तत्काल प्रभाव से मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया है।
     

    तीन शीर्ष अधिकारी करेंगे जमशेदपुर में कैंप 

    स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए राज्य सरकार ने मोर्चे पर सीधे तीन शीर्ष अधिकारियों को उतारा है। रांची जोन के एडीजी मनोज कौशिक, डीआइजी अनुरंजन किस्पोट्टा और चाईबासा कमिश्नर को तत्काल जमशेदपुर में कैंप करने का आदेश जारी किया गया है। 
     
    ये अधिकारी वहीं रहकर पूरे घटनाक्रम की गहन जांच करेंगे और क्षेत्र में शांति-व्यवस्था बहाल रखने के लिए मॉनिटरिंग करेंगे।
     

    क्या है पूरा मामला: छेड़खानी का विरोध करने पर हुई थी हत्या 

    यह खूनी वारदात शनिवार की रात बिष्टुपुर के डीडी क्लब (डबल डाउन बार) में शुरू हुई थी। 24 वर्षीय हिमांशु सिंह और उसका दोस्त प्रत्यूष सिंह बार के भीतर मौजूद थे। 
     
    इसी दौरान कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा वहां मौजूद एक महिला से बदसलूकी और छेड़खानी की जा रही थी, जिसका हिमांशु ने कड़ा विरोध किया। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में तीखी बहस हुई, जिसके बाद बार के बाउंसर्स ने दोनों गुटों को बाहर निकाल दिया। 
     
    बाहर निकलते ही घात लगाए अपराधियों ने हिमांशु और प्रत्यूष पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया और धारदार चाकू निकालकर उन पर ताबड़तोड़ कई वार किए। 
     
    गंभीर रूप से घायल हिमांशु की सोमवार शाम टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त प्रत्यूष जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है, जिसे बेहतर इलाज के लिए कोलकाता रेफर किया गया है।
     

    पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल, फूटा था जनता का गुस्सा 

    इस हत्याकांड के बाद जमशेदपुर में स्थिति बेहद तनावपूर्ण हो गई। परिजनों और समर्थकों ने बिष्टुपुर गोलचक्कर को जाम कर उग्र प्रदर्शन किया।
     
    परिजनों का सीधा आरोप है कि जब अपराधी पुलिस वैन से खींचकर हिमांशु पर चाकू से वार कर रहे थे, तब पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मूकदर्शक बनी खड़ी थी। 
     
    इस बात को लेकर आक्रोशित भीड़ ने मौके पर पहुंचे सिटी एसपी की गाड़ी में भी तोड़फोड़ कर दी थी, जिसके बाद सरकार को यह बड़ा फैसला लेना पड़ा।

    यह भी पढ़ें- हिमांशु सिंह हत्याकांड में जिला प्रशासन का बड़ा एक्शन, Double Down Bar सील; बीजेपी नेता के घर छापामारी

    यह भी पढ़ें- Double Down Bar Case: बिष्टुपुर थाना प्रभारी पर गिरी गाज, निरंजन कुमार बने नए थाना प्रभारी

    यह भी पढ़ें- जमशेदपुर दहला: हिमांशु की मौत पर बिष्टुपुर में हिंसा; पुलिस गाड़ियों पर पथराव, एसपी की कार का शीशा तोड़ा

    यह भी पढ़ें- जमशेदपुर में हिमांशु सिंह हत्याकांड में लापरवाही बरतने वाले 3 पुलिसकर्मी सस्पेंड, देखें शहर के पबों का खूनी रिकॉर्ड