विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

डीडी बार मर्डर केस की Inside Story: डांस फ्लोर पर रुपये उड़ाने का टशन, विवाद के बाद फोन कर बुलाए गए थे हमलावर

Published: Thu, 02 Jul 2026 10:53 PM (IST)

पुलिस जांच में सामने आया है कि जमशेदपुर के डीडी बार के बाहर करणी सेना नेता हिमांशु सिंह की हत्या ...और पढ़ें

प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर।

प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर।

HighLights

  1. मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल का अवैध शराब नेटवर्क ध्वस्त।

  2. डांस फ्लोर पर रुपये उड़ाने के विवाद से हुई घटना।

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित डीडी (डबल डाउन) बार के बाहर करणी सेना के नेता हिमांशु सिंह की निर्मम हत्या और प्रत्यूष सिंह पर हुए जानलेवा हमले के मामले में चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। 
 
पुलिस की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, इस खूनी साजिश की परतें खुलने लगी हैं। जांच में सामने आया है कि इस जघन्य हत्याकांड का सीधा संबंध बार के भीतर हुए मामूली विवाद और मुख्य आरोपी के अवैध शराब साम्राज्य से जुड़ा है।  

गम्हरिया से संचालित होता था अवैध शराब का नेटवर्क 

सूत्रों के अनुसार, मामले का मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा (निवासी धातकीडीह डूडरा, गम्हरिया) इलाके का एक बड़ा अवैध शराब कारोबारी है। 
 
गम्हरिया और आदित्यपुर के अलावा बागबेड़ा, सुंदरनगर, जुगसलाई और राजनगर समेत कई क्षेत्रों में उसका अवैध शराब नेटवर्क फैला हुआ है। 
 
हत्याकांड में नाम आने के बाद पुलिस ने बोदरा के खिलाफ कड़ा शिकंजा कस दिया है। पुलिस की टीमों ने गम्हरिया के गांगेडीह स्थित उसके मुख्य शराब अड्डे पर भारी छापेमारी कर उसे पूरी तरह ध्वस्त कर दिया है। 
 

डंपर के पैसों की गर्मी और डांस फ्लोर का विवाद 

फरार आरोपियों पर आत्मसमर्पण का दबाव बनाने के लिए उनके परिजनों से भी सघन पूछताछ की जा रही है। पुलिस जांच और चश्मदीदों के अनुसार, घटना की कड़ियां कुछ दिन पहले हुई एक व्यावसायिक डील से भी जुड़ी हैं: 
  •     अग्रिम राशि का टशन: गम्हरिया निवासी सोनू राम सरदार (काले ईंट का कारोबारी) मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल का बेहद करीबी है। घटना से कुछ दिन पहले ही सोनू ने एक डंपर बेचा था, जिसके एवज में उसे ₹2 लाख एडवांस मिले थे। 
  •     बार में पैसों की नुमाइश: वारदात वाली रात विश्वनाथ मंडल और सोनू राम इसी पैसे की गर्मी में डीडी बार पहुंचे थे। वहीं दूसरी ओर आदित्यपुर के हरिओम नगर निवासी हिमांशु सिंह, प्रत्यूष सिंह और उनके तीन साथी भी वहां मौजूद थे।
  •     मारपीट और सिर में चोट: डांस फ्लोर पर दोनों पक्ष एक-दूसरे पर रुपये उड़ा रहे थे। इसी दौरान ज्यादा रुपये लुटाने की होड़ को लेकर दोनों गुटों में कहासुनी हो गई। बहस देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई, जिसमें सोनू राम सरदार के सिर में गंभीर चोट आई। हालांकि, मौके पर मौजूद बार के बाउंसरों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था।


फोन कर बुलाए गए हथियारबंद हमलावर 

विवाद शांत होने के बाद भी आरोपी विश्वनाथ मंडल का गुस्सा शांत नहीं हुआ। आरोप है कि उसने बार के भीतर से ही मोबाइल फोन के जरिए अपने अन्य साथियों को हथियारों के साथ बिष्टुपुर बुलाया। 

जैसे ही हिमांशु सिंह और प्रत्यूष सिंह बार से बाहर निकले, पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने उन पर धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। 
 
इस हमले में इलाज के दौरान हिमांशु सिंह की मौत हो गई, जबकि प्रत्यूष सिंह की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है और कोलकाला के एक अस्पताल में उनका इलाज जारी है। 

जमशेदपुर पुलिस सीसीटीवी (CCTV) फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और कॉल डिटेल्स (CDR) के आधार पर फरार आरोपियों की कड़ियों को जोड़ रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।

यह भी पढ़ें- झारखंड में पुलिस के सामने करणी सेना नेता की हत्या: अफसरों पर चले हत्या का मुकदमा, 3 जुलाई को भाजपा का 'जमशेदपुर बंद'

यह भी पढ़ें- DD Bar मर्डर केस: हिमांशु की हत्या के बाद हरकत में पुलिस, जमशेदपुर के पब-बार के लाइसेंस की होगी जांच

यह भी पढ़ें- 'पुलिस मनगढ़ंत कहानी गढ़कर केस दबा रही है', हिमांशु सिंह हत्याकांड पर झारखंड भाजपा अध्यक्ष का तीखा हमला

यह भी पढ़ें- सुरक्षा के कड़े पहरे और अपनों के आंसुओं के बीच पंचतत्व में विलीन हुए हिमांशु, फफक पड़े पापा

यह भी पढ़ें- हिमांशु हत्याकांड: फरार आरोपियों की गिरफ्तारी को छह एसआईटी गठित, नए SSP ने संभाला मोर्चा