नीट पेपर लीक: कटिहार-दरभंगा और बेगूसराय... कहीं पत्थर बरसे तो कहीं लाठीचार्ज, बिहार में दिनभर मचा बवाल
नीट पेपर लीक के विरोध में बिहार के कई जिलों में छात्रों का प्रदर्शन हिंसक हो गया, जिसमें पटना, दरभंगा, कटिहार और जहानाबाद में पथराव, लाठीचार्ज और गिरफ ...और पढ़ें

बिहार में सुलगा छात्रों का गुस्सा
HighLights
बिहार के कई जिलों में नीट पेपर लीक पर हिंसक प्रदर्शन।
पटना, दरभंगा, कटिहार में पथराव, लाठीचार्ज और गिरफ्तारियां हुईं।
छात्रों ने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और पारदर्शिता की मांग की।
राधा कृष्ण, पटना। नीट पेपर लीक के विरोध में दिल्ली से उठी आंदोलन की चिंगारी अब बिहार के कई जिलों तक पहुंच गई है। पटना, दरभंगा, बेगूसराय, कटिहार, मुंगेर, जहानाबाद और पूर्णिया समेत कई जगहों पर छात्रों ने प्रदर्शन कर शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और दोषियों पर कार्रवाई की मांग उठाई।
कहीं प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा तो कहीं पथराव, लाठीचार्ज और अफरातफरी की स्थिति बन गई। बढ़ते विरोध को देखते हुए कई जिलों में पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
पटना: 21 FIR दर्ज, छात्रसंघ अध्यक्ष समेत 45 गिरफ्तार
नीट पेपर लीक और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर पटना विश्वविद्यालय के सामने छात्रों के प्रदर्शन के बाद पुलिस ने चार थानों में 21 मामले दर्ज किए हैं।
पुसु अध्यक्ष शांतनु शेखर समेत 45 लोगों की गिरफ्तारी हुई है। प्रदर्शनकारी अशोक राजपथ से विधानसभा की ओर बढ़ रहे थे, जिन्हें पुलिस ने रोक दिया। स्थिति बिगड़ने पर लाठीचार्ज किया गया, जिसमें कई छात्रों के घायल होने की सूचना है।
साइंस कॉलेज में भी छात्रों ने धरना दिया। तनाव के चलते अशोक राजपथ की कुछ दुकानें बंद कराई गईं और देर शाम तक भारी पुलिस बल तैनात रहा।
यह भी पढ़ें- पटना बवाल पर बड़ा एक्शन: 4 थानों में 21 FIR दर्ज, छात्रसंघ अध्यक्ष समेत 45 गिरफ्तार
दरभंगा: चार घंटे तक पत्थर बरसे, एसपी समेत पुलिसकर्मी घायल
दरभंगा के लोहिया चौक पर नीट पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन कर रहे छात्रों का आंदोलन अचानक उग्र हो गया। भीड़ के एक हिस्से ने पुलिस पर रुक-रुककर करीब चार घंटे तक पथराव किया।
खबरें और भी
इसमें नगर एसपी, सदर एसडीपीओ, थानाध्यक्ष समेत दो दर्जन पुलिसकर्मी घायल हुए। स्थिति संभालने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया और सात राउंड आंसू गैस के गोले छोड़े।
डीआइजी, डीएम और एसएसपी ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। पुलिस ने 34 लोगों को हिरासत में लिया है और फुटेज के आधार पर पथराव करने वालों की पहचान की जा रही है।
यह भी पढ़ें- कटिहार के बाद दरभंगा में बवाल: पत्थरबाजी में SP घायल; पुलिस ने छात्रों पर भांजी लाठियां, दागे आंसू गैस के गोले
कटिहार:कलेक्ट्रेट गेट पर पथराव, दंडाधिकारी सीओ को लगी चोट
कटिहार में समाहरणालय के पास छात्रों का प्रदर्शन अचानक उग्र हो गया। शांतिपूर्ण प्रदर्शन के बीच पथराव शुरू होने के बाद पुलिस को स्थिति नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज करना पड़ा।
इस दौरान दंडाधिकारी के रूप में तैनात सदर सीओ सोनू कुमार भगत की आंख में पत्थर लग गया। पत्थर उनके चश्मे को तोड़ते हुए आंख में लगा, जिससे वह घायल हो गए।
प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए हाई सेंटर रेफर किया गया। प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए कलेक्ट्रेट के दोनों गेट बंद करा दिए।
यह भी पढ़ें- बिहार के कटिहार में बवाल, DM ऑफिस के बाहर छात्रों पर लाठीचार्ज; पत्थरबाजी में सदर CO घायल
बेगूसराय: पथराव में पुलिसकर्मी, पत्रकार और एसडीओ घायल
बेगूसराय में छात्र संगठनों का आक्रोश मार्च समाहरणालय के पास पहुंचकर हिंसक झड़प में बदल गया। पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा और आंदोलन खत्म करने की घोषणा कर दी थी।
इसके बाद भीड़ में शामिल कुछ युवकों ने समाहरणालय के डिस्प्ले बोर्ड को क्षतिग्रस्त करने का प्रयास किया और परिसर में बोतलें फेंकीं।
पुलिस ने बल प्रयोग कर भीड़ को हटाया। पथराव में कई पुलिसकर्मी, दो पत्रकार और सदर एसडीओ घायल हुए, जबकि पुलिस कार्रवाई में तीन छात्रों के जख्मी होने की बात सामने आई। तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है।
मुंगेर: छात्रों का उग्र प्रदर्शन, एसपी की ओर फेंकी पानी की बोतल
मुंगेर में नीट पेपर लीक और दिल्ली में छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में बड़ी संख्या में छात्र सड़क पर उतरे। आरडी एंड डीजे कॉलेज से निकला मार्च समाहरणालय पहुंचा, जहां छात्रों ने धरना दिया और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की।
इस दौरान भीड़ की ओर से एसपी सैयद इमरान मसूद की तरफ पानी की बोतल फेंकी गई, हालांकि वह उन्हें नहीं लगी।
मार्च के दौरान कुछ स्थानों पर सरकारी प्रचार वाले होर्डिंग भी क्षतिग्रस्त किए गए। पुलिस ने स्थिति पर नजर बनाए रखी और छात्रों से शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करने की अपील की।
यह भी पढ़ें- Students Protest: मुंगेर में छात्रों का उग्र प्रदर्शन, SP पर फेंकी पानी की बोतल; फाड़े सरकारी पोस्टर
मुजफ्फरपुर: 64 मजिस्ट्रेट और 400 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात
नीट पेपर लीक के विरोध में कई शहरों में बढ़ते प्रदर्शन को देखते हुए मुजफ्फरपुर में प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी कर दिया है।
डीएम और एसएसपी के संयुक्त आदेश के बाद शहर से ग्रामीण क्षेत्रों तक 64 मजिस्ट्रेट और 400 से अधिक पुलिस पदाधिकारी व जवान तैनात किए गए हैं।
एसडीओ और एसडीपीओ को विधि-व्यवस्था की जिम्मेदारी दी गई है। कंट्रोल रूम से पल-पल की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। रेलवे स्टेशनों, प्रमुख चौक-चौराहों और एनएच पर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
यह भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर में पेपर लीक और छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
पूर्णिया: छात्रों ने एक घंटे तक NH-27 किया जाम
पूर्णिया के बायसी में भी दिल्ली और पटना में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में प्रदर्शन हुआ। छात्र-छात्राओं ने धरना देकर शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, परीक्षा प्रणाली में सुधार और पेपर लीक के दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग भी उठाई। इस दौरान बायसी पूरब चौक पर एनएच-27 करीब एक घंटे तक बाधित रहा।
करीब दो घंटे तक चला धरना शांतिपूर्ण तरीके से समाप्त हुआ। प्रशासन ने मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात कर यातायात और कानून-व्यवस्था संभाली।
यह भी पढ़ें- 'धर्मेंद्र प्रधान नहीं तो PM दें इस्तीफा...', पेपर लीक मामले पर पप्पू यादव का मोदी सरकार पर तीखा हमला
महुआ: छात्रों ने फूंका केंद्र सरकार का पुतला
वैशाली के महुआ में दिल्ली के जंतर-मंतर और पटना में आंदोलनकारी छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में एआइएसएफ कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया।
गांधी चौक से निकला प्रतिरोध मार्च पुरानी बाजार और थाना होते हुए वापस गांधी चौक पहुंचा, जहां सभा हुई।
प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार का पुतला फूंका और पेपर लीक की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की।
छात्र नेताओं ने आरोप लगाया कि आंदोलन कर रहे युवाओं पर कार्रवाई करने के बजाय सरकार को परीक्षा व्यवस्था में सुधार करना चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- वैशाली में छात्रों का आक्रोश: नीट पेपर लीक-लाठीचार्ज के खिलाफ सड़क पर किया प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
जहानाबाद: धांय-धांय चली गोली... पत्थर बरसे और मची भगदड़
जहानाबाद में नीट पेपर लीक के विरोध में छात्रों का प्रदर्शन अचानक उग्र हो गया। प्रदर्शनकारी डीएम आवास की ओर बढ़े, जहां पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की।
इसके बाद पथराव शुरू होने की बात सामने आई। स्थिति नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया और हवाई फायरिंग की।
इसके बाद कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई। डीएम आवास से हटने के बाद प्रदर्शनकारियों ने अरवल मोड़ और अस्पताल मोड़ पर सड़क जाम कर विरोध किया। देर शाम तक शहर में तनावपूर्ण माहौल रहा और पुलिस बल तैनात रहा।
यह भी पढ़ें- धांय-धांय चली गोली... पत्थर बरसे और मची भगदड़! NEET पेपर लीक के विरोध में जहानाबाद में बवाल
बिहार में कहीं पत्थर, कहीं लाठी; अब परीक्षा व्यवस्था पर सवाल
नीट पेपर लीक के विरोध में बिहार के कई जिलों में छात्रों का आक्रोश सड़क पर दिखाई दिया। पटना, दरभंगा, बेगूसराय, कटिहार, मुंगेर और जहानाबाद में प्रदर्शन के दौरान हालात बिगड़े, जबकि पूर्णिया और महुआ में आंदोलन शांतिपूर्ण रहा।
कई जगह पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव हुआ, तो मुजफ्फरपुर में प्रशासन ने एहतियातन हाई अलर्ट जारी कर दिया।
छात्रों की मुख्य मांग पेपर लीक की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कार्रवाई और परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता है।
बिहार की सड़कों पर दिख रहा यह आक्रोश सिर्फ एक परीक्षा का मुद्दा नहीं, बल्कि लाखों छात्रों के भविष्य और भरोसे से जुड़ा बड़ा सवाल बनता जा रहा है।
यह भी पढ़ें- दिल्ली के जंतर-मंतर की 'आग' पटना तक पहुंची, पथराव के बाद लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले चले